Showing posts with label प्रेम. Show all posts
Showing posts with label प्रेम. Show all posts

Saturday, December 14, 2013

एक गली संकरी सी


तुम देखना ,
ध्यान से ज़रा,
आगे एक चौराहा आएगा
उस चौराहे से जो रस्ते जाते हैं न चार
वहाँ है पैसा ,खूबसूरती,तरक्की ,व्यापार.


उनपे न जाना .
थोड़ा पीछे चलना
उससे ज़रा पहले ही
एक गली है संकरी सी
कोई नाम पता कहीं नहीं
बस प्रेम की सुगंध है
यादों की ईटों से बनी
दर्द के कोलतार से ढकी
महकती रहती है.

उस के पास पहुँच भर जाओ
तो खुद ब खुद खिंचे चले आओगे
एक बार आकर ,रास्ता भूलना हो
तो उसी गली में भूलना...प्लीज़

Saturday, December 15, 2012

साथ-साथ



प्यार करते हो तुम,मुझसे
तुमने अनगिन बार ये
दोहराया है .
मुझमें और तुममें कोई अंतर नहीं
बार-बार यह समझाया है.

पूर्णता के साथ भूलना कैसे संभव है ?
भूलने के लिए भी तो याद करना ज़रूरी है .
कहो,कैसे भूला जाए उस को
जिसने मुझे संपूर्ण किया .

अपूर्ण थी मैं ...
तुमसे मिलके पूर्ण हुई मैं ..
इसलिए ,
विस्मरण जैसा कुछ भी
प्रेम में संभव ही नहीं
तुम मेरा अस्तित्व
मैं तेरा वजूद
इसलिए ....अकेला बिखरता नहीं कोई


जब भी टूटेंगे ...बिखेरेंगे
हम साथ साथ होंगे .

Sunday, October 28, 2012

क्या करूं?




आगाज़ और अंजाम के बीच
कितनी जगह तुम ठहरे
कितने और प्रेम हुए तुम्हें गहरे
उसका हिसाब कौन देगा ?

मैं पहला...आखिरी प्रेम हूँ
इस बात से खुश हो लूँ
या
बीच के तुम्हारे उन प्यार को सोच
आज मैं रो लूँ....

तुम ही कह दो क्या करूं.....

Thursday, October 4, 2012

क्या है प्रेम?




प्रेम जिस दिन समझ में आने लगेगा
तो उसमें कोई आनंद शेष नहीं रहेगा
उसकी रहस्यात्मकता ही है
जो आकर्षित करती है
अपनी ओर खींचती है .

रहने देते हैं न
खाली स्लेट जैसा इसे
जिस पर कोई इबारत नहीं.
जिसको जो समझना है
जैसा भी समझना है
जो पढ़ना है
जो बूझना है
अपनी मर्जी से कर ले
चाहें प्रेम में जी ले
चाहें प्रेम में मर ले

Wednesday, September 26, 2012

मुखौटे



वो लोग अभागे होते हैं
जिनके पास होते हैं
वो,जो...ओढ़े ही रहते हैं मुखौटे

ताउम्र.

ताउम्र.
उनके आवरणों के टाँके
कच्चे हो भले
पर,उनके मुखौटों के साथ
चेहरे की ,मन की खाल में जज़्ब हो जाते हैं.

नाटक करना ही शगल है जिनका
अंतस के भाव वो कहाँ से लायें ?
ऐसे लोगों का क्या करेगा
तुम्हारा विश्वास ...
तुम्हारा निस्स्वार्थ प्रेम .

वो विश्वास और वो प्रेम
रोयेंगे अपनी किस्मत पे
एक दिन इस्तेमाल करने के बाद
जब फेंक दिया जाएगा
उन्हें ...बेकार समझ
कतरनों के ढेर पर .
तुम अपने लिए सीखना सिलाई का हुनर ...
रखना पक्के धागे तैयार
क्यूंकि जब तुम्हारा यकीं होगा तार-तार
बखिया उखड़ेगी तुम्हारी
तो हो तुम्हारे खुद के पास
ज़ख्म सीने की सारी तैयारी .

दोबारा जीने के लिए
भरोसे को सिलने के लिए
ज़ख्मों को छिपाने के लिए
दर्द को सहने के लिए
माफी की लेस
बड़प्पन के बटन टांक देना
क्यूंकि जैसे तुम नहीं बदलोगे
वैसे ही वो भी नहीं बदलेंगे,कभी.

Saturday, September 8, 2012

आप्शन



विदा ही एकमात्र आप्शन है
उन सभी के प्रेम के लिए
जो मोहब्बत तो करते हैं ...
पर......
नैतिकता को छोड़ नहीं पाते .

वो भले दुखी हों ,पर
सारा समाज सुखी है..कि
जिनके मन मिले...थे
उनके शरीर को मिलने नहीं दिया.
वो खडा रहा
पहरेदार बन कर
जब भी कभी
मेरे हाथों ने ,होठों ने
तुम्हें छूना चाहा .

सारे संस्कारों की दुहाई दे दी गयी
कि वो चाहते रहे
एक दूसरे को ,हमेशा
पर...मिलन की कोई सूरत न हो.

प्यार ...बस तब तक प्यार है
जब तक ..अलग अलग बिस्तरों पे
हम एक दूसरे को याद करते -करते
अपनी शराफत ..अपने मूल्यों को
साथ लेकर सोते रहे,रोते रहे ....

सारी मर्यादाएं ,वर्जनाएं
साथ साथ चलती रहीं
मेरी तेरी उदासीनता के साथ
और कहती रहीं...
ज्यादा अच्छे लोगों को ..कुछ भी हो
प्रेम ना होने पाए कभी."

Friday, September 7, 2012

सच में....



प्रेम का इतिहास,जुगराफिया
फिजिक्स,केमिस्ट्री
कुछ नहीं पता.
जानती हूँ बस इतना
कि जब वो नहीं होता
तो सब बेस्वाद हो जाता है.

किसी काम में मन नहीं रुचता
कुछ भी अच्छा नहीं लगता
हरेक लम्हा भारी
सब ओर एक शख्स तारी .
जिसने खुद कभी प्रेम प्याला चखा नहीं
वो इसके तिलिस्म को जान सकता नहीं
जादू है इसमें कुछ जो नज़र आता नहीं
किताबों में पढ़ने से इसका सबक आता नहीं

सच में .....
प्रेम ,आस्वाद है.....
जिसे खुद चखे बिना नहीं जाना जा सकता .

Monday, August 13, 2012

ज़रूरी नहीं ....



ज़रूरी यह नहीं
कि प्रेम कितनी बार हुआ
एक बार हुआ या कई बार

ज़रूरी यह है कि
जब हुआ ..जिससे हुआ
उस वक्त
हम उसके साथ
पूरी तरह से थे या नहीं .

उन पलों में जब थे साथ
तब जिए पूर्ण ईमानदारी से
मन-तन सब रहा उसके साथ

यूँ भी...रिश्ता कोई भी हो
किसी से भी हो,कभी भी हो
उसमें शिद्दत की...
ईमानदारी की दरकार
होती है और होनी भी चाहिए

Saturday, July 28, 2012

मज़ेदार..



मज़ेदार होता है न प्यार....
पता है....
पहले मैं अकेले तनहा हुआ करती थी
जबसे मोहब्बत हुई है मुझको
तुम्हारा प्यार, एहसास होता है पास
और इसके साथ होने पर भी
मैं अकेले ही अकेले हुई जाती हूँ.
अजीब है न प्रेम ?!
समझ नहीं आता इसका सर पैर कुछ
अच्छे खासे इंसान को एकलखुरा बना देता है .

अब तन्हाई की आदत हो गयी है
महफ़िल में मन नहीं रमता
कुछ भी तेरे बिन
न जाने क्यूँ अच्छा नहीं लगता .

Monday, July 16, 2012

नज़र बट्टू



तेरे वादों से गुंथा
एक धागा है
जिसमें...
मैंने तेरे इंतज़ार के मनके पिरोये हैं.
प्रेम की एक माला तैयार की है.
पहने रहती हूँ ,उसे ....सदा.

उसमें एक लोकेट है
जो मेरे दिल के करीब रहता है
तेरी तस्वीर रख छोडी है,उसमें .
मेरे नज़र बट्टू हो तुम
अब किसी की नज़र
मुझपे असर नहीं करती.

Wednesday, May 30, 2012

प्रेम की दातून


मैं तो एक भी दिन
इस दातून की कड़वाहट
के बिना नहीं जी सकती .
मुझे ,आदत हो गयी है,इसकी.
मुझे दरअसल और कुछ नहीं हुआ है
बस,प्यार से ही प्यार सा हो गया है .

ब्रश ,के लिए
तो फिर बाज़ार तक का चक्कर लगाना पड़ेगा...
यूँ भी मेरा मन उस प्लास्टिक में नहीं रुचता.
दातून कितना अपना सा है...
मेरे घर के पीछे जो खाली हिस्सा है न...वहाँ है एक प्रेम का
सॉरी -सॉरी नीम का पेड....दातून की दूकान !!
उसी से तोडती हूँ....चूस के ,चबा के
सारी कड़वाहट से खुद को मांजती हूँ
लोग थूक देते हैं,उसकी कड़वाहट
मैं तो उसे भी पी लेती हूँ

सच कहूँ.......
रोज इसी बहाने जी लेती हूँ
प्रेम से दिन शुरू कर लेती हूँ

Wednesday, May 16, 2012

प्रेम से खूबसूरत कुछ......नाह रे.



प्रेम को जब तक देखते हैं
दूर से ...
बहुत खूबसूरत और प्यारा लगता है ..हैं न ?!
जब यह घटित हो जाता है
अपने जीवन में
तब, समझ आता है कि
क्यूँ लोग कहते थे ...
किसी को बद्दुआ देनी हो तो कह दो
उसे इश्क हो जाए.
कितनी मुश्किल है हर राह ,हर गली इसकी
कितने दर्द हैं और कितने आंसू.?
कितनी यादें हैं न जाने कितनी फरियादें हैं..
अच्छा कुछ नहीं है क्या, इसमें?

तुमने पहले ही पूछ लिया
वो...जो मैं कहने जा रही थी
कितनी भी परेशानियां हो
या कितनी भी तकलीफें
जिसको एक बार हुआ
वो कहेगा यही....
इससे खूबसूरत दुनिया में
सच्ची कुछ भी नहीं...
सच्ची-मुच्ची ....कसम से.

Saturday, April 28, 2012

यहीं और अभी ...


मुझे नहीं करना इंतज़ार...
अब, और....
न जाने कितनी सदियों से मुझे तुम बरगला रहे हो
आगे भी यूँ ही बरगलाते रहोगे
कि प्रेम आता है..
उसके पास जो इंतज़ार करता है .
कितनी प्रतीक्षा और ...????
मुझे अपनी बातों के इस मकडजाल में
अब और ना उलझाओ .
अबकि ,
यही इसी बार
इश्क चाहिए...मुझे.
वो आये,मुझे मिले और मेरा होकर ही रहे .

प्लीज़,वो सब लोग
जो समझाने आये हैं ,
चले जाएँ .
मुझे अब और न भरमाएं.
मुझे नहीं सुनना...नहीं समझना कुछ
मुझे प्रेम चाहिए हर हाल में ..
अभी ...इस बार..यहीं
सुन रहे हो न...तुम???

Friday, April 20, 2012

खोज


मैं...आजकल
अपनी पहचान का सुराग ढूंढ रही हूँ .
तेरी मेरी आँखों में जो पलते थे साथ -साथ
आज वो सारे ख्वाब ढूंढ रही हूँ

बिछड गयी थी ,कुछ बरस पहले
खुद से ...एक मोड पे ...
जिस्म हूँ अपनी जान ढूंढ रही हूँ ,मैं
निशानियां याद करती हूँ
अपनी शिनाख्त करने के लिए
कुछ याद भी नहीं आता
बस इक तेरे नाम के सिवा
जो मेरे दिल के हर मोड पर खड़ा है
उस मील के पत्थर की तरह
जिस पर खुदे अक्षर मिट गए है

बताओ न कैसे ढूँढू खुद को
बिन तुमको पाए ...?

Thursday, March 29, 2012

प्रेम की दुनिया


कहीं.....
कोई तो रास्ता होगा....
जहां हमारी मजबूरियाँ बीच में न आयें.
तुम और मैं ... चल सकें ..साथ-साथ....
शुरू से आखिर तक .
कोई मोड ऐसा न आये
जहां बिछडना पड़े,हमें .
अपनी मसरूफियत की दुहाई देके
तुम देर से न पहुँचो ,जहां ..

प्रेम की दुनिया क्यूँ इसी उम्मीद पे ...
इस काश पे टिकी रहती है,हमेशा?

Thursday, January 5, 2012

इतना डरते क्यूँ हैं?



स्वीकारने से लोग डरते क्यूँ हैं?
नकारने में इतना वक्त गंवाते क्यूँ हैं?
नहीं जानते,शायद...
कि
स्वीकारने में मुक्ति है,
नकारने में बंधन है .

जब प्रेम स्वाभाविक है
मूल स्वभाव है मनुष्य का ...
तो उसकी स्वीकृति में इतनी हिचक क्यूँ?
उसको मानने में इतनी शर्म क्यूँ?

खुद से डरते हो या समाज से ??

Monday, January 2, 2012

तुम्हारे जाने की बात....



तुम्हारे जाने की बात....
पता चली ...कल रात
तबसे यही ख्याल,
बस,यही मलाल
कि....
इतना कम वक्त साथ गुज़ारने को मिला
सब विधाता का ही है ये ... किया धरा

उसमें भी,
कितने पल गंवाएं ..
इन्कार में इज़हार में ..
रूठने में,मनाने में ..

काश.....
उनमें बस प्रेम करते ...
नयी स्मृतियों के बीज रोपते....
पर,मैंने तो सुना है प्रेम में रूठना भी ज़रूरी होता है
बोलो न,
इन ....
रूठने-मनाने के दिन और रातों को
इन्कार इकरार से जुडी सब बातों को
याद रखोगे....क्या????

Friday, December 9, 2011

परिणत




इतना असहाय क्यूँ कर देता है प्रेम????
इतना परवश कभी नहीं हुई थी,मैं.
अपना कुछ है ही नहीं
मन ,विचार,संवेदना,भावना
सब तुमसे शुरू तुम पे खतम.

जिधर तुम..
उस ओर रही
उस ओर बही .
मैं ..मैं ही नहीं रही
तुझमें ही व्याप्त होकर
तुझमें ही परिणत हो गयी.

Thursday, November 3, 2011

कौन किसका करे त्याग



कहाँ चले गए हो?
क्यूँ चले गए हो?
मत जाया करो...
कुछ अच्छा नहीं लगता .
किसी से क्या...
तुमसे भी, कुछ कह नहीं पाती
अंदर ही अंदर सब सहती रहती हूँ.
न जाने मैं कितनी मौतें मरती हूँ .

तुमसे कुछ कहो,तो तुम अनसुना कर जाते हो .
बात बात पे...मोह त्याग का उपदेश झाड चले जाते हो
मैं पूछती हूँ ..
कि
मोह का,प्रेम का,लगाव का , स्नेह का,अनुराग का त्याग ही क्यूँ किया जाए
तुम क्यूँ नहीं कर देते ..
अपने अहम का ,दंभ का ,उदासीनता का ,निर्मोह्पन का ,वीतराग का त्याग ...
मेरे लिए...

Wednesday, November 2, 2011

अहं की दीवार


तुम आश्चर्य करते हो
कि
तुम्हारे इतना कहने-सुनने....
लड़ने-झगड़ने के बाद भी.....
मुझपे कोई फर्क क्यूँ नहीं पड़ता है
प्रेम का रंग फीका क्यूँ नहीं पड़ता है .
क्यूँ मैं कभी कुछ नहीं कहती तुमसे ?
क्यूँ मैं कभी खफा नहीं होती तुमसे ?

किसी दीवार पे कुछ डालो...फेंको
तो चीज़ या आवाज़ लौट के आती है
पर....
मैंने तो तेरे प्यार में
अपने अहं की
सारी दीवारें गिरा दी हैं .

तेरा सब कहा....किया ....
निकल जाता है आर-पार.
प्रेम से परिपूर्ण मेरे इस अस्तित्व में
क्यूंकि ,
बस,प्यार को स्वीकार करने की क्षमता शेष है .

सुराग.....

मेरी राह के हमसफ़र ....

Followers