Showing posts with label मुहब्बत. Show all posts
Showing posts with label मुहब्बत. Show all posts

Wednesday, August 26, 2015

तोहफे

तुम्हारी दी हुई चीज़ जब
दरकती टूटती ..
अटकती बिगड़ती ..
फिसलती छिटकती है
तो ,पता नहीं क्यों
उसे हमारे रिश्ते से जोड़ के
देखने लग जाती हूँ
इतना कुछ खो चुकी हूँ पहले
कि अब कुछ भी खोने से डरती हूँ

तुमने जो कुछ मुझे दिया है
फिर वो चाहें
मोहब्बत का एहसास हो
या ये भरोसा कि तुम पास हो
कई ख़त दुआओं से भरे हुए
या छोटे बड़े अनगिन तोहफे
अब  ,
जब कभी इनमें से
किसी को कुछ होता है
इक डर सताता है मुझे
सब बिखर जाने का

उसके बाद अक्सर मनाती रहती हूँ
मुहब्बत का कभी एक लम्हा न छूटे
तेरे प्यार पे जो है भरोसा वो न टूटे
दुआओं के ख़त में न देर हो कभी
चाहत का रंग फीका न पड़े कभी

Thursday, September 26, 2013

......नहीं है



तमाम उमर मुहब्बत का नशा उतरता नहीं है
मुश्किल बस इतनी कि आसानी से चढता नहीं है

दो चार सच्चे यार दोस्त जिसके आस पास रहें
कितना भी बुरा वक्त आये वो बिखरता नहीं है

हमारे रास्ते जुदा हुए बरसों बरस गुज़र गए
बाक़ी रह गया है कुछ जो कभी ढलता नहीं है

दरक जाता है बरसों का यकीं इक झूठी बात पे
इस शज़र की खासियत दोबारा पनपता नहीं है

गैरों की कमियां गिनाते हुए जुबां नहीं थकती
अपना ऐब पर क्यूँ आँखों में खटकता नहीं है

अपनी काबिलियत का वो इश्तिहार नहीं करता
खरी बात ये भरा जो घड़ा वो छलकता नहीं है

मिल जाएँ हम या हो जाएँ एक दूजे से जुदा
प्यार होता है तो रहता है कभी मरता नहीं है

हादसे के बाद वापस ढर्रे पे आ गयी है ज़िंदगी
बस बच्ची का बचपन अब ढूंढे मिलता नहीं है

Monday, October 8, 2012

तोड़ दो...



भ्रम टूटने के लिए ही होते हैं....
जितनी जल्दी टूट जाएँ...
उतना अच्छा .
मोहब्बत की भी तकदीर कुछ ऎसी ही होती है
और हम खुद ज़िम्मेदार होते हैं ...इसके लिए.
क्यूँ जीते रहते हैं बीते हुए की यादों तले
क्यूँ नहीं बढ़ा पाते हम क़दम
जैसे अगले ने बढ़ा लिए.

भूल जाने के लिए भी पहल करनी पड़ती है
बस,वो पहला कदम उठाने भर की देर है ...
सब होगा ..क्यूँ नहीं होगा
अगला जी रहा है न हमारे बिना
हम क्यूँ नहीं जी पायेंगे उसके बिना
अंधेरों को गहराने न दो
आगे बढ़ो... भ्रम को तोड़ दो .

Friday, September 14, 2012

क़सम लगती है



मुहब्बत अपनी इबादत ओ धरम लगती है
इनायतें तेरी खुदा का करम लगती हैं

मुझको लगा था कि मैं भूल चुकी हूँ तुझको
फिर तेरे ज़िक्र पे क्यूँ ज़रा नब्ज़ थमती है

तू मुझे छोड़ गया तो कोई तुझसा न मिला
तेरी परछाईं है जो हमक़दम सी चलती है

तुम्हारे हाथ से जब छूट गया हाथ मेरा
अब खुदाई भी बस एक भरम लगती है

तुम गए तो अब अच्छा नहीं लगता कुछ भी
यूँ तो तन्हाई में यादों की बज़्म सजती है

जो तोड़ गए थे दिल मेरा मुहब्बत में कभी
सुना तो होगा कि उनको भी क़सम लगती है

Saturday, July 28, 2012

मज़ेदार..



मज़ेदार होता है न प्यार....
पता है....
पहले मैं अकेले तनहा हुआ करती थी
जबसे मोहब्बत हुई है मुझको
तुम्हारा प्यार, एहसास होता है पास
और इसके साथ होने पर भी
मैं अकेले ही अकेले हुई जाती हूँ.
अजीब है न प्रेम ?!
समझ नहीं आता इसका सर पैर कुछ
अच्छे खासे इंसान को एकलखुरा बना देता है .

अब तन्हाई की आदत हो गयी है
महफ़िल में मन नहीं रमता
कुछ भी तेरे बिन
न जाने क्यूँ अच्छा नहीं लगता .

सुराग.....

मेरी राह के हमसफ़र ....

Followers