Showing posts with label महसूस. Show all posts
Showing posts with label महसूस. Show all posts

Tuesday, August 11, 2015

दूरियाँ


धीरे धीरे सरकते हुए
पता ही नहीं चला कब
दूरियां इतनी बढ़ गयीं
कि हम दो किनारे हो गये
थोड़ी मेरी खामोशी थी
तो कुछ तेरी चुप्पी भी
दोनों का नतीजा ये हुआ
कि दरमियां फासले हो गये
न मैंने कहा कुछ कभी
न तुम ही कह पाये
दिल में बातें रखने से हुआ यूँ
कि ये हाल हमारे हो गये
महसूस हुई बेरुखी तेरी
तुम्हें भी लगी दूरी सी
जिस बात का डर था
सच वही हादसे सारे हो गए

Thursday, June 27, 2013

जेठ-आषाढ़


जेठ की तपती दुपहरी थी
गरम साँसों के बीच
लू भी जी जलाती थी.
तब...एकाएक
उसने कहा कि
वो दूर जाने वाला है
कुछ दिन का विरह
बीच में आने वाला है .

मैंने कहा,बता कर जाना
उसका कहना कि
मुझसे कहे बिना क्या
संभव होगा उसका जा पाना ?

वो गया ...
जब चला गया...
दुनिया ने बताया
जब लौटा ..तब भी....
जग ने ही खबर दी
उसकी वापसी की
बताने की ज़रूरत उसे
महसूस ही नहीं हुई .
उसकी ज़िंदगी वैसे ही
मेरे बिन भी चलती रही .

बड़े दिन बाद
एक दिन बात हुई
शिकवे हुए शिकायत हुई
पर,
उसकी आवाज़ की ठंडक
कलेजे के खून को जमा गयी
आषाढ़ के महीने में भी
रिश्तों में से गर्माहट
न जाने कहाँ गयी .

सुराग.....

मेरी राह के हमसफ़र ....

Followers