Showing posts with label खुद्दारी. Show all posts
Showing posts with label खुद्दारी. Show all posts

Thursday, August 20, 2015

समझौता

कभी किसी का मान रखने को
तो कभी मन रखने को
अधिकतर इसलिए कि
किसी को खराब न लगे
कोई बुरा न मान जाये
कभी किसी की इज़्ज़त की खातिर
तो कहीं किसी के प्यार के लिए
कहीं रिश्ता बचाने को
कभी बात समझाने को
कभी किसी बड़े की खातिर
तो कई बार छोटों के लिए
समझौते कर के अब ऊब गयीं हूँ ...
इस तरह के जीने से
बिना सही गलत की सोचे
झुकते चले जाने से
दूसरा दबाता जाये
खुद के दबते जाने से थक चुकी हूँ

बचपन से लेकर अब तक
नम्र रहना ,लड़ना मत ,
बड़ों का कहा मानना
छोटों का कहा सुनना
यह सब सुन सुनकर
बुरी तरह से पक गयी हूँ

क्यों नहीं सिखाता कोई
नम्र रहकर,बिना लड़े
सही गलत में चुनाव करना
कि जो सही है
फिर वो बड़ा है या कि छोटा
यह मायने रखता नहीं
उसका कहा सुनना
उसका कहा मानना
जो सही लगे
बस वही करना।
जो गलत हो या गलत लगे
उसको न सहना...
तुम लड़ना ।

कोई रिश्ता कभी न ढोना
परिवार समाज की दुहाई पे
कहना तुम यह खुल के
नहीं चाहिए ऐसा कोई रिश्ता
जहां उसूलों को छोड़ना पड़े
रीढ़ की हड्डी में लोच आये जिससे
ऐसा कोई सम्बन्ध गवारा ही नहीं

बात समझने की सीखने की
यूँ भी बस इतनी सी ही
समझौतों की एक हद होती है
और खुद्दारी पे अगर बात आये
तो उसपे कायम रहना
ज़िन्दगी कहती है

Monday, August 17, 2015

ज़रुरत का क्या है


भविष्य ने बुलाया था तुम्हें
तरक्की ने रास्ता निहारा था
तुम्हारी अपनी ज़रूरतें थीं
हमेशा अपनी सहूलियतें
सब चुना अपनी मर्ज़ी से
आज भी और कल भी
अब लौट आये हो फिर
इस उम्मीद पे
मैं तो मिलूंगी
वहीं खड़ी इंतज़ार में
बड़ी देर इंतज़ार किया था
तुम जाते वक़्त
कह नहीं गए थे
वापस आओगे
तब भी ……
पर ,देर कर दी यार तुमने
अभी तक तुमने जो चाहा किया
अबकि मैंने तुमसे ये सीख लिया
जो दिल ने चाहा वो चुना
तुम्हें छोड़ अपनी खुद्दारी चुनी
वैसे भी तुम्हारा तो कोई पता नहीं
आज लौटे हो कल फिर चल दो कहीं
प्यार तो मुझसे था नहीं कभी
और ज़रुरत का क्या है
वो तो बदल जाती हैं
लोगों की … आय दिन ही

सुराग.....

मेरी राह के हमसफ़र ....

Followers